Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 मार्च । विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर “Yes We Can End TB: Led by Bharat. Powered by Janbhagidari” संकल्प के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित के साथ जनपद की टीबी मुक्त घोषित 66 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएचओ और समाजसेवियों को प्रतीक चिन्ह के रूप में महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान विधायक ने 10 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर उन्हें गोद लिया और कलेक्ट्रेट परिसर से ‘निःक्षय वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

विधायक अंजुला सिंह माहौर ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी का लक्ष्य भारत को सबसे पहले टीबी मुक्त बनाना है, जिसमें सभी की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के कारण अब समय पर जांच और उपचार से टीबी को जड़ से खत्म करना संभव है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपनी पंचायतों में स्वच्छता बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुँचाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित प्रधानों को अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि जिस तरह इन 66 ग्रामों ने टीबी पर विजय पाई है, उसी तरह अन्य क्षेत्रों में भी कार्य होना चाहिए। उन्होंने सक्षम नागरिकों से ‘निःक्षय मित्र’ बनकर टीबी रोगियों के जीवन को सफल बनाने की अपील की।

जिला क्षय रोग अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्ष 2023 से निरंतर टीबी मुक्त रहने वाली बेहटा और बहादुरपुर देवकरन सहित 16 अन्य पंचायतों को उनकी निरंतरता के आधार पर गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज श्रेणियों में सम्मानित किया गया है। कुल 48 ग्राम पंचायतें पहली बार टीबी मुक्त घोषित हुई हैं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी और उप-जिला क्षय रोग अधिकारी सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रधान व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page