
अलीगढ़ 07 अप्रैल । मंगलायतन विश्वविद्यालय में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर योग क्लब द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने बेहतर स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर पीपीटी प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने विचार साझा किए। वहीं छात्राओं के समूह ने योग प्रस्तुति दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. आरके शर्मा ने कहा कि स्वस्थ जीवन ही सफलता की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। वहीं प्रो. दिनेश पांडेय ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। योग क्लब की समन्वयक भावना राज ने शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सूक्ष्म आसनों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट पीपीटी प्रस्तुति देने वाले शाहन अंसारी, राघवेंद्र व निखिल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डा. पूनम रानी, डा. रवि शेखर, राजकुमार, दीपिका गुप्ता सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरभि ने किया।
वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई पांच और फार्मेसी विभाग द्वारा विश्वविद्यालय से बेसवां चौराहे तक जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ कुलसचिव ब्रिगेडियर डॉ. समरवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर प्रो. फवाद खुर्शीद, एनएसएस समन्वयक डॉ. पूनम रानी, कार्यक्रम अधिकारी रामगोपाल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने जागरूकता से जुड़े नारे लगाते हुए राहगीरों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और दवाओं के सही उपयोग का संदेश दिया।


























