
आगरा 23 मार्च । शारदा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज, शारदा विश्वविद्यालय आगरा के अंतर्गत संचालित शारदा बिजनेस क्लिनिक द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “जीएसटी सर्टिफिकेट कोर्स: लेवल-1 (बैच-3)” का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस ऑनलाइन कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, संकाय सदस्यों, जीएसटी प्रैक्टिशनर्स एवं पेशेवरों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) जयंती रंजन (मुख्य संरक्षक) एवं शारदा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के डीन प्रो. (डॉ.) साकेत जेसवानी (संरक्षक) का मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी सहयोग प्राप्त हुआ।
इस कोर्स में विषय विशेषज्ञों के रूप में सीए. संजीव सिंह ठाकुर (संयोजक), सीए. अंकित मित्तल (चेयरमैन, CICASA, आगरा शाखा) एवं सीए. रूपल गर्ग (जीएसटी विशेषज्ञ) ने अपने व्यावहारिक अनुभव एवं गहन ज्ञान के माध्यम से प्रतिभागियों को जीएसटी के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे सप्लाई का अर्थ, कंपोजिशन स्कीम, टाइम ऑफ सप्लाई, प्लेस ऑफ सप्लाई, रजिस्ट्रेशन एवं रिवर्स चार्ज मैकेनिज्म पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के सुचारु संचालन एवं समन्वय में छात्र आयोजन सचिव ऋषित जैन तथा छात्र समन्वयक दीपांशी शर्मा का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। समापन अवसर पर संयोजक सीए. संजीव सिंह ठाकुर ने सभी प्रतिभागियों, विशेषज्ञ वक्ताओं एवं आयोजन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कौशल-आधारित कार्यक्रम प्रतिभागियों को व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा भविष्य में भी ऐसे उपयोगी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। विश्वविद्यालय के माननीय चांसलर श्री पी. के. गुप्ता एवं प्रो-चांसलर श्री वाई. के. गुप्ता ने इस सफल आयोजन हेतु संपूर्ण टीम को बधाई देते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा ऐसे ज्ञानवर्धक एवं कौशल-आधारित कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।


























