
हाथरस 06 अप्रैल । शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए नगर पालिका परिषद ने ‘डोर-टू-डोर’ कूड़ा संग्रहण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किए गए वाहनों ने शहर के 10 वार्डों में घर-घर जाकर कचरा एकत्रित करना प्रारंभ कर दिया है। नगर पालिका के इतिहास में पहली बार कूड़ा संग्रहण की निगरानी के लिए आईओटी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे यह पता चल सकेगा कि किस वार्ड में वाहन पहुँचा और कहाँ से कूड़ा उठाया गया। ईओ रोहित सिंह ने बताया कि कई बार के प्रयास के बाद दिल्ली की एक फर्म को इस कार्य का ठेका दिया गया है। शहर के सभी 35 वार्डों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में सीमित संसाधनों के चलते 10 वार्डों में 10 टिपर और 15 ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं। योजना के अनुसार, प्रत्येक वार्ड में एक टिपर, दो ई-रिक्शा और पांच सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आवासीय क्षेत्रों से सुबह के समय और व्यावसायिक इलाकों से सुबह-शाम कूड़ा एकत्रित किया जाएगा। उपभोक्ताओं को गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग देना होगा। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि व्यवस्था पूरी तरह सुचारू होते ही उपभोक्ताओं से ‘संग्रहण शुल्क’ वसूला जाएगा। इसके साथ ही, सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया जाएगा।अधिकारियों के अनुसार, अगले दो महीनों में शहर के सभी 35 वार्डों में यह व्यवस्था नियमित हो जाएगी। पर्याप्त वाहन और संसाधन उपलब्ध होते ही घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य शत-प्रतिशत शुरू कर दिया जाएगा, जिससे शहर को गंदगी मुक्त बनाया जा सके।






















