
सासनी 06 अप्रैल । ग्राम बांधनू में आयोजित श्री महादेव जी के 79वें ऐतिहासिक मेले के दूसरे दिन सोमवार को भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन एवं समापन मुख्य अतिथि डॉ. विकास शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पालम प्रधान (दिल्ली) श्री बॉबी गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि कुश्ती दंगल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारी ग्रामीण संस्कृति, शक्ति और अनुशासन का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं और हमारी पारंपरिक खेल विधाओं को नई पहचान दिलाते हैं।दंगल के दौरान क्षेत्र और दूर-दराज से आए नामी पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच और खेल कौशल का प्रदर्शन कर उपस्थित हजारों दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उमड़ी ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भीड़ ने सिद्ध कर दिया कि आज भी मिट्टी से जुड़े खेलों के प्रति जनमानस में गहरा उत्साह है। डॉ. विकास शर्मा ने कार्यक्रम संयोजक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय सहित समस्त मेला समिति का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में बंटी प्रधान एवं कान्ता पचौरी (लुटसान) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर नवीन उपाध्याय, सुशील उपाध्याय, मेला प्रधान रामप्रकाश उपाध्याय, भूपेंद्र शर्मा, पप्पू राठौर, कालीचरण मस्ताना, योगेश शर्मा, सुखबीर सिंह, बृजेश सिंह, जितेंद्र उपाध्याय, सियाराम उपाध्याय, मनोज गोली, सचिन उपाध्याय, हिमांशु सेंगर और प्रदीप तोमर सहित अनेक सम्मानित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। डॉ. विकास शर्मा ने सभी के स्नेह और विश्वास के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
























