
हाथरस 06 अप्रैल । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार जनपद में जुआ और सट्टे की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चंदपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए गढ़ी कछवाया स्थित अंबेडकर पार्क से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने रविवार को अंबेडकर पार्क में छापेमारी की। मौके से पुलिस ने राजवीर, छोटेलाल, विनोद कुमार, किशनपाल और जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (सभी निवासी ग्राम गढ़ी कछवाया) को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 2070 रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। थाना चंदपा पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 88/2026 के तहत धारा 13 (जुआ अधिनियम) में मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्री श्याम सिंह मय फोर्स शामिल रहे। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के जुआरियों और सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।

























