
हाथरस 03 अप्रैल । सदर तहसील के सामने एक महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। महिला अपने पति की जमानत कराने गई थी, तभी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उससे नोकझोंक और गाली-गलौज की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना हाथरस गेट थाना क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित सदर तहसील के बाहर हुई। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। सड़क पर अचानक हुए शोर-शराबे के कारण स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस महिला के पति को पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया था और महिला इसी सिलसिले में अपने पति की जमानत कराने के लिए तहसील सदर पहुंची थी। पीड़िता ने कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।





















