
हाथरस 03 अप्रैल । अलीगढ़ रोड पर हुए एक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मृत्यु हो गई। महिला को स्कूटी सवार ने उस समय टक्कर मार दी, जब वह सड़क पार कर रही थीं। गंभीर रूप से घायल महिला ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। थाना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव दयानतपुर के पास शुक्रवार सुबह हुई। दयानतपुर निवासी साबिया पत्नी निजाम पैदल सड़क पार कर रही थीं, तभी एक स्कूटी सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से साबिया सड़क पर गिर गईं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। महिला की मृत्यु के बाद परिवार में शोक का माहौल है। साबिया अपने पीछे पांच संतानें छोड़ गई हैं।





















