
हाथरस 05 अप्रैल । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के साथ ही अब परीक्षार्थियों को अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। इसी बीच बोर्ड परीक्षा के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को ठगने के लिए साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। ये ठग विद्यार्थियों को फोन कर नंबर बढ़वाने का झांसा देकर मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। ये अपराधी खुद को परिषद का कर्मचारी बताकर छात्रों को फेल होने का डर दिखाते हैं या अंक बढ़वाने का लालच देकर बैंक खातों में रुपये डालने का दबाव बना रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस और साइबर सेल के सहयोग से ऐसे अपराधियों की पहचान की जा रही है। इन ठगों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षा विभाग ने अपील की है कि परीक्षार्थी और उनके परिजन किसी भी अनजान फोन कॉल, मैसेज या ई-मेल पर भरोसा न करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी, रोल नंबर या बैंक विवरण किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि कोई संदिग्ध कॉल आती है, तो उसे रिकॉर्ड करें और तुरंत अपने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को सूचित करें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। विभाग ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि परिणाम पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत तैयार किए जा रहे हैं और किसी भी बाहरी व्यक्ति का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है।


























