
हाथरस 02 अप्रैल । हनुमान जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार को हाथरस शहर में बजरंगबली की विशाल शोभायात्रा पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा शहर ‘जय श्री राम’ और ‘हनुमान जी’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। शोभायात्रा का भव्य शुभारंभ शहर की हनुमान गली से हुआ। यहाँ से शुरू होकर यात्रा सर्कुलर रोड, चक्की बाजार और नयागंज सहित शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल कलाकार हनुमान जी की ‘वानर सेना’ के रूप में साथ चल रहे थे, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। हनुमान जी की मुख्य झांकी के साथ ही भगवान गणेश जी, राधा-कृष्ण और राम-लक्ष्मण-जानकी सहित कई अन्य मनमोहक झांकियां शामिल थीं, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

देर शाम तक बना रहा उत्साह
देर शाम तक चले इस आयोजन में भक्तों का उत्साह चरम पर रहा। पूरे मार्ग में भक्ति संगीत की धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। इस अवसर पर विजय पुरोहित, अरुण उपाध्याय, राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी, मुकेश मित्तल, संजीव उपाध्याय, रामजीलाल, बबीता गर्ग, मोहिनी गर्ग, विनीता सारडा, सविता मित्तल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि शोभायात्रा सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। देर रात तक पूरा वातावरण हनुमान जी की भक्ति में लीन दिखाई दिया।






















