
हाथरस 02 अप्रैल । शहर के आगरा रोड स्थित संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज में ‘विद्यारम्भ संस्कार’ समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आगरा से आए फादर संतोष, विद्यालय के प्रबंधक फादर जॉर्ज पॉल और प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ हुई, जिसमें विभिन्न धर्मों के पवित्र ग्रंथों का पाठ किया गया। इसके बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्रों द्वारा प्रस्तुत सुंदर नृत्य और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से कक्षा चतुर्थ और पंचम के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना हुई। समारोह के मुख्य आकर्षण नर्सरी (टुलिप, लिली, डेसी) और एलकेजी (डहेलिया) के नन्हे बच्चे रहे। इन बच्चों को अक्षरों (अ और आ) को चिह्नित कराकर औपचारिक रूप से शिक्षा की दुनिया में प्रवेश दिलाया गया।

इस दौरान पुरानी गुरु-शिष्य परंपरा का स्मरण किया गया। प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा ने अपने संबोधन में माता-पिता की जिम्मेदारी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर बच्चा अपने आप में अनूठा है। जैसे सूर्य और चंद्रमा की तुलना नहीं की जा सकती, वैसे ही बच्चों की तुलना भी एक-दूसरे से न करें।” उन्होंने अभिभावकों को सुझाव दिया कि वे बच्चों के दोस्त बनें, घर में सकारात्मक माहौल रखें और बच्चों को चुनौतियों का सामना करना सिखाएं। विद्यालय के प्रबंधक फादर जॉर्ज पॉल ने कहा कि आज का दिन बच्चों के भविष्य की नींव रखने का दिन है। माता-पिता और शिक्षक मिलकर ही एक बच्चे के भविष्य को सुंदर बना सकते हैं। मुख्य अतिथि फादर संतोष ने सभी बच्चों और अभिभावकों के उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की। पूरा ऑडिटोरियम अभिभावकों की उपस्थिति से खचाखच भरा हुआ था। अपने बच्चों को मंच पर प्रस्तुति देते देख माता-पिता के चेहरे गर्व से खिले नजर आए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण ढंग से हुआ।























