Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 अप्रैल । अलीगढ़ से आई एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को नगर पालिका परिषद हाथरस के कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। चतुर्थ श्रेणी पद पर तैनात सोनिया सिंह, जिसके पास वर्तमान में लाइसेंस लिपिक और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे महत्वपूर्ण प्रभार थे, को टीम ने ₹5000 की रिश्वत लेते हुए दबोचा। इगलास रोड स्थित माहेश्वरी कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता सुमन ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उनकी फाइल आगे बढ़ाने के एवज में महिला कर्मचारी द्वारा रुपयों की मांग की जा रही है। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाकर टीम ने तब कार्रवाई की जब सोनिया सिंह ने शिकायतकर्ता से ₹5000 लेकर अपनी मेज की दराज में रखे।

इस छापेमारी के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी मौके से खिसक गए। गिरफ्तार महिला कर्मचारी को टीम द्वारा कोतवाली सदर ले जाया गया, जहाँ अन्य पीड़ित महिलाएं भी पहुँच गईं। कोतवाली पहुँची महिलाओं ने आरोप लगाया कि सोनिया सिंह लंबे समय से फाइलों को आगे बढ़ाने के नाम पर अवैध वसूली और रिश्वतखोरी कर रही थी। एंटी करप्शन टीम के इंचार्ज ने सभी को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देते हुए बताया कि आरोपी महिला कर्मचारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस कार्रवाई से नगर पालिका प्रशासन और भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों के बीच भारी दहशत व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page