
अलीगढ़ 01 अप्रैल । मंगलायतन विश्वविद्यालय में ‘स्वीट पॉइजन’ पुस्तक का विमोचन कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह और परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। पुस्तक के लेखक डा. अरबाब हुसैन, डा. आफरीन खान और डा. हमदा खान हैं। डा. अरबाब हुसैन विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी एवं जीवन विज्ञान विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि आधुनिक जीवनशैली में सुविधा और तेजी के चलते खान-पान की आदतों में बड़ा बदलाव आया है, जिसमें चीनी का अत्यधिक उपयोग आम हो गया है। ‘स्वीट पॉइजन’ पुस्तक इसी प्रवृत्ति और इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को सरल और स्पष्ट भाषा में प्रस्तुत करती है। पुस्तक में अधिक चीनी के सेवन को ‘मीठा जहर’ बताते हुए उससे होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं और जटिलताओं को विस्तार से समझाया गया है। यह अपनी तरह की एक अनूठी पहल है, जो आम लोगों को जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है। इस अवसर पर प्रो. आरके शर्मा, प्रो. राजेश उपाध्याय, प्रो. अनुराग शाक्य, प्रो. मनीषा शर्मा उपस्थित रहे।

























