
हाथरस 31 मार्च । थाना सादाबाद पुलिस ने VDO भर्ती परीक्षा में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 26.07.2025 को वादी धर्मेन्द्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में उन्होंने और उनके चार साथियों ने VDO भर्ती के लिए फॉर्म भरा था। आरोप है कि अभियुक्तों ने खुद को सचिवालय एवं उत्तर प्रदेश सहायक विकास अधिकार के चेयरमैन और स्टैनो बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से 20 लाख रुपये सिक्योरिटी के रूप में लिए। परीक्षा के परिणाम आने के बाद पैसे वापस मांगने पर धर्मेन्द्र कुमार को 05.01.2024 को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया, जो जांच में कूटरचित पाया गया। पुलिस अधीक्षक हाथरस के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के निर्देशन में थाना सादाबाद पुलिस एवं आगरा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कुबेरपुर, जनपद आगरा से आरोपी मनोज कुमार पुत्र ज्वालाप्रसाद को गिरफ्तार किया। फिलहाल, आरोपी के खिलाफ थाना सादाबाद पर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।





















