
मथुरा 21 मार्च । जनपद के छाता क्षेत्र में आज प्रख्यात गौरक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ (बाबा चंद्रशेखर महाराज) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के बाद जबरदस्त हिंसा और बवाल भड़क गया। घटना से आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगाकर जमकर पथराव किया, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस प्रशासन को हालात काबू करने के लिए सेना की टुकड़ी बुलानी पड़ी। प्रशासनिक बयान के अनुसार, बाबा चंद्रशेखर अपने शिष्यों के साथ गोवंश तस्करी की सूचना पर नागालैंड नंबर के एक कंटेनर की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाबा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हालांकि, समर्थकों का आरोप है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
हाईवे पर घंटों तांडव, अधिकारियों की गाड़ियां तोड़ीं
बाबा की मृत्यु की खबर फैलते ही हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने एसडीएम और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और हाईवे पर फंसे वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने जब भीड़ को खदेड़ने का प्रयास किया, तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर ही हमला बोल दिया। लगभग तीन घंटे तक हाईवे पर दहशत का माहौल रहा। बाद में सेना की टुकड़ी और भारी पुलिस बल ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़कर उपद्रवियों को खदेड़ा, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका।
सीएम योगी सख्त, जवाबदेही तय करने के निर्देश
घटना की गूंज लखनऊ तक पहुंची, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। शनिवार शाम को गो-संरक्षण को लेकर लखनऊ में एक उच्च स्तरीय बैठक भी बुलाई गई है।
प्रशासनिक आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार
अजनोक गौशाला में बाबा के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ ने गिरफ्तार किए गए 40 गौरक्षकों को छोड़ने और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी (DM) और एसएसपी (SSP) ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। DM ने आश्वासन दिया कि बाबा की गौशाला को सरकारी सहायता दी जाएगी, समाधि स्थल का निर्माण होगा और निर्दोष लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। वहीं SSP ने ऐलान किया कि बाबा की स्मृति में क्षेत्र में एक नई पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। इन आश्वासनों के बाद ही गोभक्तों ने बाबा के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार करने की अनुमति दी। आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हिंसा करने वालों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
फरसा बाबा को टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर की मौत
चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा को टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर की भी इलाज के दौरान आगरा में मौत हो गई है. ड्राइवर खुर्शीद राजस्थान के अलवर का रहने वाला था. एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि खुर्शीद के ऊपर कोई मामला दर्ज नहीं है. एसएसपी ने बताया कि आक्रोशित लोगों की ओर से लगाए गए आरोपों की अन्य पहलुओं से भी जांच हो रही है.






















