
हाथरस 18 मार्च । आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-93) पर बुधवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना चंदपा क्षेत्र के अंतर्गत गाँव बिसाना के निकट आलू से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली और मेरठ डिपो की रोडवेज बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, सोहराब गेट डिपो (मेरठ) की रोडवेज बस अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस बिसाना के पास पहुँची, सामने से आ रही आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए। गनीमत यह रही कि बस में सवार यात्रियों को मामूली चोटें ही आईं, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस के जरिए उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया।
आधे घंटे तक बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली और बस के फंस जाने के कारण लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना चंदपा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गई और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस यातायात को सुचारू कराने में सफल रही।
पुलिस ने शुरू की जाँच
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जाँच कर रही है। टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली में लदा आलू सड़क पर बिखर गया, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को भी निकलने में परेशानी हुई। प्रभारी निरीक्षक चंदपा ने बताया कि सभी घायल यात्री सुरक्षित हैं और यातायात अब पूरी तरह सामान्य है।


























