
हाथरस 18 मार्च । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रथम के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन बुधवार को विविध जागरूकता कार्यक्रमों की धूम रही। ग्राम धन सिंह नगला स्थित जी.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस शिविर का मुख्य केंद्र ‘साइबर सुरक्षा’ और ‘जन स्वास्थ्य’ रहा।
जागरूकता रैली से हुआ दिन का शुभारंभ
शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत प्रातः काल ग्राम धन सिंह नगला में निकाली गई एक विशाल जागरूकता रैली से हुई। स्वयंसेविकाओं ने नारों और तख्तियों के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि सब इंस्पेक्टर सचिन कुमार चौधरी, अमित वैद्वान एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललितेश तिवारी ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर बौद्धिक सत्र का शुभारंभ किया।
‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे खतरों से सावधान रहने की अपील
मुख्य अतिथि सब इंस्पेक्टर सचिन कुमार चौधरी ने वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे नए और गंभीर खतरों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस या कोई भी जांच एजेंसी फोन कॉल पर किसी को गिरफ्तार नहीं करती। उन्होंने साइबर अपराधों को दो प्रमुख श्रेणियों में बांटा, जिसमें वित्तीय धोखाधड़ी बैंक खातों, ओटीपी (OTP) और ऑनलाइन लेन-देन के माध्यम से होने वाली ठगी और सामाजिक धोखाधड़ी सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली बदनामी, फिशिंग और व्यक्तिगत डेटा की चोरी।
अज्ञात लिंक पर न करें क्लिक
श्री चौधरी ने उपस्थित जनसमूह और स्वयंसेविकाओं को कड़े निर्देश दिए कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और न ही फोन पर अपनी गोपनीय जानकारी साझा करें। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललितेश तिवारी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और स्वयंसेविकाओं को साइबर सुरक्षा के इन नियमों को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय का स्टाफ और ग्रामीण भारी संख्या में उपस्थित रहे।


























