
हाथरस 18 मार्च । आगामी राष्ट्रीय जनगणना प्रक्रिया को सुचारू, सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में नव-नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स के लिए एक दिवसीय महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ट्रेनर्स को जनगणना की नई डिजिटल कार्यप्रणाली और डेटा संकलन की बारीकियों से अवगत कराना है।
डिजिटल तकनीक पर रहेगा विशेष जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि इस बार की जनगणना में पारंपरिक तरीकों के स्थान पर आधुनिक डिजिटल उपकरणों का व्यापक उपयोग किया जाएगा। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (DIO) आलोक माहेश्वरी और ईडीएम मनोज उपाध्याय ने उपस्थित ट्रेनर्स को आईटी टूल्स, मोबाइल ऐप और डेटा फीडिंग के तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फील्ड में आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के तरीके भी साझा किए।
विकास की नीतियों का आधार है जनगणना: एसडीएम
प्रभारी अधिकारी (जनगणना)/एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश और जिले के विकास की नीतियां तय करने में जनगणना के आंकड़े सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी ट्रेनर्स से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जिला प्रभारी (जनगणना) स्मृति गौतम ने फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के गुर सिखाए और सभी को इस राष्ट्रीय कार्य में शत-प्रतिशत योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस सत्र में एसडीएम धर्मेंद्र सिंह, डीआईओ आलोक माहेश्वरी, जिला प्रभारी स्मृति गौतम और ईडीएम मनोज उपाध्याय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले भर से आए फील्ड ट्रेनर्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।


























