सादाबाद 15 मार्च । क्षेत्र के गांव बिलारा में शनिवार रात से जिकड़ी भजन स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। पारंपरिक फूलडोल मेले के बाद रात 10 बजे शुरू हुई यह स्पर्धा रविवार को खबर लिखे जाने तक लगातार 18 घंटे से अधिक समय से जारी थी। इसमें एक दर्जन से अधिक भजन गायकों ने भाग लिया और अपने सुरों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस भजन स्पर्धा को देखने और सुनने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। देर रात से चल रहे इस कार्यक्रम में कलाकारों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली, जिससे माहौल और अधिक रोमांचक हो गया। मंच से एक के बाद एक कलाकारों ने जिकड़ी भजन प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने भजन गायकों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कलाकारों को साफा पहनाकर सम्मानित किया और पुरस्कार भी प्रदान किए। चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन ग्रामीण परंपराओं और लोक संस्कृति को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
























