सादाबाद 15 मार्च । बिसावर में ब्रह्माकुमारीज के तत्वावधान में शिव बाबा की शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में शिव बाबा और भगवान शंकर की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। माताएं और बहनें हाथों में शिव ध्वज लेकर ‘शिव बाबा की जय’ के जयघोष के साथ श्रद्धापूर्वक यात्रा में शामिल हुईं।
कार्यक्रम वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका, जिला प्रभारी राजयोगिनी बीके भावना दीदी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शोभा यात्रा के दौरान पूर्व प्रधान विजयपाल चौधरी ने शिव बाबा की विधिवत पूजा अर्चना की और यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने यात्रा में शामिल भक्तों का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। शोभा यात्रा ने बिसावर गांव की परिक्रमा की और मुकुंदपुर में समाप्त हुई। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंचीय कार्यक्रम में राजयोगिनी बीके भावना दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह शोभा यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि समाज में शांति, प्रेम और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि राजयोग और ईश्वरीय मूल्यों को अपनाने से जीवन में सुख, शांति और शक्ति आती है। उन्होंने शिव बाबा की बारात को आंतरिक परिवर्तन और दिव्यता को जीवन में उतारने की प्रेरणा बताया। शोभा यात्रा को देखने के लिए नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिकता, शांति और सौहार्द से भरा रहा। कार्यक्रम में नगर के प्रमुख व्यक्तियों में युवा समाजसेवी मुकेश चौधरी, भुवनेश कुशवाह, जयकृष्ण और पन्ना लाल कुशवाहा, ब्रह्माकुमारी बहनों में मई गांव से बीके मिथलेश, मुरसान से बीके बबिता, हाथरस से बीके रश्मि, चंदपा से बीके पूजा और कमलेश बहन विशेष रूप से मौजूद थीं। गायक मंजू शर्मा, हरिदत्त शर्मा, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल और दाऊजी अग्रवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इनके अतिरिक्त गिर्राज, विमल, आशा, किरण, दीपलता, स्नेह, दौलत और रमीला सहित अन्य कई भाई-बहन भी उपस्थित थे।
























