
अलीगढ़ 14 मार्च । मंगलायतन विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर इंजीनियरिंग एंड एप्लीकेशंस (डीसीईए) द्वारा “फ्रॉम कैंपस टू हाई-इम्पैक्ट सॉफ्टवेयर करियर” विषय पर ऑनलाइन करियर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को सॉफ्टवेयर उद्योग में करियर के अवसरों और आवश्यक कौशल के बारे में जानकारी दी गई। कार्यशाला में मुख्य वक्ता इंफोगेन टेक्नोलॉजीज के सीनियर कंसल्टेंट डेवलपमेंट मणि गौतम रहे। उन्होंने सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री के वर्तमान ट्रेंड, मांग में रहने वाले कौशल और तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को मजबूत प्रोजेक्ट तैयार करने, प्रभावी बायोडाटा बनाने और साक्षात्कार में सफलता प्राप्त करने की रणनीतियों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में बीसीए, एमसीए, बीटेक और डिप्लोमा के अंतिम व प्री-फाइनल वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन विभागाध्यक्ष डा. लव कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। समन्वय शिवेंद्र व सनी रहे। कार्यशाला विद्यार्थियों के करियर विकास के लिए उपयोगी और ज्ञानवर्धक रही।


























