
हाथरस 09 मार्च । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज पाँच दिवसीय निपुण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सुषमा यादव के कुशल निर्देशन में आयोजित इस शिविर के पहले दिन का कार्यक्रम रेंजर्स ‘अपाला’ इकाई प्रभारी डॉ. अंजु आर्य द्वारा ध्वज शिष्टाचार के साथ विधिवत संपन्न हुआ। शिविर के पहले दिन मुख्य रूप से रेंजर्स की दो इकाइयों को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान रेंजर्स ‘अपाला’ इकाई प्रभारी डॉ. अंजु आर्य, ‘लोपामुद्रा’ इकाई प्रभारी डॉ. रंजना एवं प्रशिक्षक श्री विकास कुमार ने छात्राओं को स्काउटिंग-गाइडिंग की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षकों द्वारा छात्राओं को ध्वज शिष्टाचार, प्रतिज्ञा, टोली निर्माण एवं बैज निर्माण जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर रेंजर्स अपाला की सह-प्रभारी डॉ. अमृता सिंह का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. रंजना गुप्ता एवं प्रो. संगीता अरोड़ा की उपस्थिति ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस पाँच दिवसीय शिविर को लेकर छात्राओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।



































