Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 मार्च । शहर के प्रतिष्ठित सेंट जॉन्स स्कूल की प्रिंसिपल और भाजपा नेत्री सुचेता जान ने अपने और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए कोतवाली हाथरस गेट में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आजमगढ़ निवासी एक व्यक्ति, जिसे धोखाधड़ी के चलते संस्था से बर्खास्त किया गया था, अब पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है और उनके नाबालिग पुत्र को ब्लैकमेल कर रहा है।

धोखाधड़ी कर खुद को बताया ‘बिशप’

दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी अखिलेश सिंह निवासी आजमगढ़ को प्रिंसिपल के ससुर जानसन टी. जान ने ‘लखनऊ डायोसिस ट्रस्ट एसोसिएशन’ में अस्थायी तौर पर नियुक्त किया था। आरोप है कि अखिलेश ने पद का दुरुपयोग करते हुए ससुर के फर्जी हस्ताक्षर किए और खुद को ‘बिशप’ घोषित कर दिया। यही नहीं, उसने संस्था की वाराणसी स्थित बेशकीमती भूमि का अवैध रूप से विक्रय भी कर दिया। इन गंभीर अनियमितताओं के चलते उसे पद से बर्खास्त कर दिया गया था।

पूरे परिवार को दी जान से मारने की धमकी

शिकायत के मुताबिक, बर्खास्तगी से बौखलाया आरोपी 20 अगस्त 2025 से लगातार अज्ञात मोबाइल नंबरों से प्रिंसिपल को कॉल कर गाली-गलौज कर रहा है। आरोपी ने चेतावनी दी है कि यदि उसका निष्कासन रद्द नहीं किया गया, तो वह प्रिंसिपल, उनके ससुर और नाबालिग पुत्र सैम जान को जान से मार देगा। 30 जनवरी 2026 को आरोपी ने उनके पुत्र को डराने-धमकाने के उद्देश्य से एक नोटिस भी भेजा, जबकि उसका इस मामले से कोई सरोकार नहीं है।

सुरक्षा की गुहार और पुलिस की कार्यवाही

प्रिंसिपल सुचेता जान का आरोप है कि आरोपी लगातार उनके निवास स्थान पर संदिग्ध व्यक्तियों को भेजकर भय का माहौल बना रहा है, जिससे पूरा परिवार मानसिक उत्पीड़न का शिकार है। उन्होंने पुलिस से आरोपी की कॉल डिटेल्स खंगालने और परिवार को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page