
सादाबाद 05 मार्च । क्षेत्र में होली के उल्लास के बीच अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। जानकारी के अनुसार, होली के दिन विभिन्न मार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण ये हादसे हुए। रंग खेलकर लौट रहे लोग अचानक हुई टक्कर और फिसलन के कारण चोटिल हो गए। घायलों में नगला भाग सिंह निवासी संतोष कुमार पुत्र हरी प्रेम, सलेमपुर रोड निवासी देवीराम, कुकरगांव निवासी राजा पुत्र नरेंद्र, कश्यप नगर निवासी ललिता पुत्री ओमप्रकाश कश्यप, बरसाना निवासी प्रेम सिंह पुत्र इंद्रपाल सिंह और नीतू पत्नी प्रेम सिंह, शेरपुर निवासी छोटू पुत्र लाल सिंह तथा गरीबा निवासी पीतम पुत्र गोविंद सिंह शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों को हाथ-पैर में चोटें आई हैं, जबकि दो लोगों को सिर में चोट लगने के कारण विशेष निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। होली जैसे त्योहारों पर सड़कों पर भीड़ और बाइक सवारों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था, इसके बावजूद लापरवाही के चलते ये हादसे हुए।






































