
सादाबाद 04 मार्च । कस्बे में आज होली का त्योहार हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। सुबह से ही सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और गलियों में लोगों की टोलियां रंग-गुलाल उड़ाती नजर आईं। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आपसी गिले-शिकवे भुलाकर भाईचारे का संदेश दिया गया। नगर के मुख्य बाजार, चौराहों और मोहल्लों में युवाओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। रंगों से सराबोर युवा और बच्चे ‘होली है’ के जयघोष के साथ उत्सव का आनंद लेते दिखे। कई स्थानों पर बुजुर्गों ने पारंपरिक फाग गीत गाकर पुरानी परंपराओं को जीवंत किया। महिलाओं ने भी समूह बनाकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। घरों में सुबह से ही पकवानों की खुशबू महक रही थी। लोगों ने मेहमानों का स्वागत गुजिया, नमकीन और ठंडाई से किया। बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया, जो रंग-बिरंगी पिचकारियों के साथ सड़कों पर नजर आए। प्रशासन की मुस्तैदी और पुलिस की कड़ी निगरानी के कारण नगर में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष ध्यान रखा गया था। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। होली का त्योहार सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया गया।






































