
हाथरस 03 मार्च । सादाबाद क्षेत्र के गांव कुरावली में सोमवार रात होलिका दहन के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। होलिका की धधकती आग के पास हंसी-मजाक कर रहे दो ग्रामीण अनियंत्रित होकर सीधे लपटों के बीच जा गिरे। इस घटना से उत्सव का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता से दोनों की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव निवासी महानन्द पचहरा और नीरेन्द्र कुमार होलिका दहन स्थल पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति नशे की हालत में थे और आपस में मजाक कर रहे थे। इसी बीच संतुलन बिगड़ने से दोनों जलती हुई होलिका में गिर पड़े। युवकों को आग से घिरा देख मौके पर हड़कंप मच गया। आस-पास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए साहस दिखाया और मशक्कत के बाद दोनों को आग से बाहर खींच लिया। हालांकि, तब तक दोनों के हाथ, पैर, पीठ और शरीर के निचले हिस्से काफी झुलस चुके थे। आनन-फानन में उन्हें निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद स्थिति सामान्य होने पर मंगलवार सुबह उन्हें छुट्टी दी गई। ग्रामीण नीरज कुमार ने कहा कि यह घटना त्योहारों पर बरती जाने वाली लापरवाही का नतीजा है। समय रहते कदम उठाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई, लेकिन इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।






































