
हाथरस 28 फरवरी । जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2026 की परीक्षाएं पूरी शुचिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुचारू रूप से आयोजित की जा रही हैं। शनिवार को जिले के सभी 99 परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर बनी रही। प्रथम पाली में हाईस्कूल के संस्कृत विषय और इंटरमीडिएट के कृषि अभियंत्रण व कृषि पशुपालन विषयों की परीक्षा संपन्न हुई। वहीं, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के छात्र आलेखन कला, प्राविधिक कला और रंजन कला की परीक्षा में सम्मिलित हुए।
आंकड़ों के अनुसार, प्रथम पाली में हाईस्कूल संस्कृत विषय में पंजीकृत 570 छात्रों में से 554 उपस्थित रहे, जबकि 16 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट में कृषि अभियंत्रण के 109 और कृषि पशुपालन के 66 छात्रों ने अपने प्रश्नपत्र हल किए। द्वितीय पाली की बात करें तो सर्वाधिक भीड़ आलेखन कला में रही, जहाँ 2370 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 2269 उपस्थित रहे और 101 अनुपस्थित दर्ज किए गए। इसी प्रकार प्राविधिक कला में 36 और रंजन कला में 04 छात्र उपस्थित रहे। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के सचल दस्तों ने केंद्रों का औचक निरीक्षण कर नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित कराई।














