
हाथरस 28 फरवरी । शासन की मंशा के अनुरूप डिजिटल कार्यसंस्कृति लागू करने में लापरवाही बरतने पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने जिले के 25 अधिकारियों और 81 कर्मचारियों सहित कुल 106 कर्मियों का फरवरी माह का वेतन रोक दिया है। यह सख्त कदम ई-ऑफिस प्रणाली पर नियमित लॉगिन न करने और पत्रावलियों का ऑफलाइन संचालन जारी रखने के कारण उठाया गया है। सीडीओ ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित कर्मचारी संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करेंगे, तब तक उनका वेतन जारी नहीं किया जाएगा। इस सूची में डीडी कृषि, डीआईओएस, उपायुक्त उद्योग केंद्र और कई खंड विकास अधिकारियों (BDO) के नाम शामिल हैं। शासन के निर्देशानुसार अब सभी सरकारी पत्रावलियों का निपटान, अनुमोदन और पत्राचार अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस पोर्टल के माध्यम से ही होना है, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके। इस कार्रवाई से विकास भवन सहित अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि डिजिटल आदेशों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।














