Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 फरवरी । प्रदेश सरकार द्वारा त्यौहारी सीजन में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वर्ष में दो बार निःशुल्क गैस रिफिल उपलब्ध कराने के क्रम में शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश स्तर पर किए गए सब्सिडी वितरण के सजीव प्रसारण के साथ ही जनपद हाथरस में भी पात्र परिवारों को लाभान्वित किया गया। जिले के कुल 1.75 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 9.87 करोड़ रुपये की धनराशि (प्रति लाभार्थी 562.5 रुपये) सीधे भेजी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी, रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स और सीडीओ पी.एन. दीक्षित द्वारा 200 लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक भेंट किए गए।

इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव ने लाभार्थियों को गैस कनेक्शन पर मिलने वाली ‘पब्लिक लायबिलिटी पॉलिसी’ की महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गैस दुर्घटना में मृत्यु होने पर प्रति व्यक्ति 6 लाख रुपये और चिकित्सा व्यय हेतु प्रति घटना 30 लाख रुपये तक का बीमा कवर सरकार द्वारा प्रदान किया जाता है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 1,75,588 लाभार्थी हैं और नए पात्र परिवारों के लिए उज्ज्वला कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page