
हाथरस 28 फरवरी । आगामी होली पर्व के दृष्टिगत आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार और जिलाधिकारी के पर्यवेक्षण में जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया गया है। शनिवार को आबकारी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सादाबाद राय बस स्टैंड, जलेसर रोड चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित देशी व कंपोजिट मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी सादाबाद श्री मनीष कुमार, क्षेत्राधिकारी श्री अमित पाठक और आबकारी निरीक्षक कुलदीप चौहान की उपस्थिति में दुकानों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान पीओएस (POS) मशीन से बिक्री और ओवररेटिंग की गहन जांच की गई ताकि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली न हो सके।
अभियान के दूसरे चरण में आबकारी निरीक्षक (सदर) क्षितिज कुमार के नेतृत्व में टीम ने अलीगढ़ रोड, मंडी समिति, बस स्टैंड और हाथरस बाईपास मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और रिसॉर्ट्स की सघन तलाशी ली। आबकारी टीम ने होटल व ढाबा संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि उनके परिसर में किसी भी स्थिति में अवैध मदिरापान न होने पाए। पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मदिरा दुकानों पर त्योहार के दौरान विशेष साफ-सफाई रखने और अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने के भी निर्देश दिए गए। इस कार्यवाही से शराब माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।














