Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 फरवरी । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शुक्रवार को थाना चंदपा का आकस्मिक निरीक्षण किया। आगामी होली के त्यौहार को देखते हुए उन्होंने थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों को क्षेत्र में सतर्क दृष्टि रखने तथा अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने सबसे पहले महिला हेल्प डेस्क का जायजा लिया और वहां मौजूद रजिस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षियों को पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता बरतने और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने विवेचना कक्ष और कार्यालय का निरीक्षण कर लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और मुकदमों में प्रभावी पैरवी करने पर जोर दिया। ट्रेनिंग पूरी कर व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए थानों पर आने वाले रिक्रूट आरक्षियों के दृष्टिगत एसपी ने बैरक, मेस, आवास और शौचालय की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने बैरक में हुई टूट-फूट को तत्काल सही कराने और साफ-सफाई के विशेष निर्देश क्षेत्राधिकारी सादाबाद अमित पाठक और थाना प्रभारी श्याम सिंह को दिए।

थाना परिसर के भ्रमण के दौरान एसपी ने वहां संचालित पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पढ़ाई कर रहे छात्रों से संवाद किया और उन्हें पूरे मनोयोग से लक्ष्य प्राप्ति के लिए मेहनत करने हेतु प्रेरित किया। इसके अलावा उन्होंने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति जांची और मालखाना व लावारिस वाहनों के जल्द निस्तारण के आदेश दिए। एसपी ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि टॉप-10 अपराधियों, जेल से छूटे बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में अधिक से अधिक गश्त करे और जनता के साथ व्यवहार कुशल रहते हुए अपराध पर अंकुश लगाए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page