
हाथरस 27 फरवरी । हाथरस के सिकंदराराऊ के नौरंगाबाद पूर्वी स्थित एक कॉलोनी में शुक्रवार सुबह कार और बाइक धोने की जगह पर युवक का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक युवक बीते तीन दिनों से घर से लापता था। मृतक की पहचान योगेश पुत्र महेंद्र पाल के रूप में हुई है। योगेश विवाहित था और उसके तीन बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि योगेश पिछले तीन दिनों से लापता था, और वह शराब का आदी था।आज सुबह जब कर्मचारी काम पर पहुंचे, तो उन्होंने पानी की हौदी में शव पड़ा हुआ था। इसके बाद तत्काल शव की जानकारी परिजनों की दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और शव को हौदी से निकालकर अपने घर ले गए। फिलहाल, युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने भी अभी तक मौत के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी है। अभी तक कोई लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।















