
हाथरस 27 फरवरी । भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने शुक्रवार को ई.वी.एम./वी.वी.पैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों और तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति जांची, जो पूरी तरह क्रियाशील पाए गए। उन्होंने वहां तैनात सशस्त्र पुलिस बल की उपस्थिति और सतर्कता का जायजा लिया। इसके साथ ही आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए लगाए गए अग्निशमन उपकरणों की वैधता और स्थिति का भी भौतिक सत्यापन किया। सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के बाद वेयरहाउस की भ्रमण पंजिका में अपनी प्रविष्टि दर्ज कर हस्ताक्षर किए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।















