
सिकंदराराऊ 26 फरवरी । नगर के मोहल्ला शहाबुद्दीन गंज में आज सुबह बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया। दो पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई, जिससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में दो महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ युवक घरों की छतों पर चढ़ गए और नीचे पथराव शुरू कर दिया।
आरोप है कि रमजान के पवित्र महीने में रोजा रखे हुए एक महिला के साथ भी कुछ युवकों ने बेरहमी से मारपीट की। अचानक हुए इस हमले और पत्थरबाजी से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है और घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया है। पीड़ित महिला पक्ष की ओर से घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है, जिसे देखते हुए इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
















