Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 फरवरी । शहर के व्यस्ततम तालाब चौराहा क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ससुराल पक्ष के लोगों ने एक युवक को सरेआम घेरकर धुन दिया। बीच सड़क पर हुई इस मारपीट से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग युवक को पीटते नजर आ रहे हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली सदर पुलिस ने युवक को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया और उसे थाने ले आई।

अदालत में तारीख पर आया था युवक

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक जयपुर का रहने वाला है और वह हाथरस न्यायालय में चल रहे एक मामले की तारीख करने आया था। युवक का आरोप है कि जब वह रास्ते से गुजर रहा था, तभी ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे रंजिशन पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसके खिलाफ पहले से ही झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है और अब उसे जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।

साली से छेड़छाड़ का आरोप

दूसरी ओर, ससुराल पक्ष के लोगों का दावा है कि युवक ने अपनी ही साली के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की थी, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। इसी आक्रोश में परिजनों ने उसे चौराहे पर देख लिया और गुस्सा फूट पड़ा। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page