Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 25 फरवरी । विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत महेवा में विकास कार्य ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। गांव के मुख्य मार्ग के किनारे पिछले कई दिनों से कार्यदायी संस्था द्वारा नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार और कर्मचारियों ने पुरानी नालियों के पानी की वैकल्पिक निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की, जिसके कारण गलियों और मोहल्लों से आने वाला गंदा पानी अब मुख्य मार्ग पर ही जमा हो गया है।जलभराव की स्थिति इतनी विकराल हो गई है कि सड़क ने तालाब का रूप ले लिया है। पैदल यात्रियों के लिए मार्ग से गुजरना लगभग नामुमकिन हो गया है, वहीं दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी इस गंदे पानी के बीच से होकर गुजरने पर मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के निकलने से गंदा पानी उनके कपड़ों पर गिरता है, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि निर्माण कार्य से पहले पानी को पास के खेतों या अन्य स्थान पर मोड़ने की व्यवस्था की जाती, तो आज यह समस्या उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page