सिकंदराराऊ 25 फरवरी । प्रखंड सिकंदराराऊ के खंड वाजिदपुर में आज विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में बजरंग दल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की सफलता और संगठन विस्तार को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने विशेष रूप से आगामी हनुमान जन्मोत्सव, युवा संवाद और शौर्य वर्ग जैसे कार्यक्रमों को भव्य स्वरूप देने की रूपरेखा तैयार की। इस दौरान कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे प्रत्येक गांव और मोहल्ले तक पहुंचकर युवाओं को संगठन की विचारधारा से जोड़ें।
बैठक के दौरान जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल एवं जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना ने संगठन को और अधिक गतिशील बनाने हेतु नवीन दायित्वों की घोषणा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की असली शक्ति है। इस अवसर पर सह जिला मंत्री पवन वार्ष्णेय, जिला संयोजक बजरंग दल अनमोल अग्निहोत्री, सह जिला संयोजक लक्की शर्मा, और सह जिला गौ रक्षा प्रमुख नीरू यादव सहित निशांत व प्रशांत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार का संकल्प लिया।













