
अलीगढ़ 25 फरवरी । राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा ‘ए प्लस’ ग्रेड से सम्मानित मंगलायतन विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को समर्पित चार दिवसीय अकादमिक उत्सव ‘दक्ष 2026’ का भव्य शुभारंभ 24 फरवरी 2026 को किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आरंभ हुए इस महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करते हुए उनके बौद्धिक, तकनीकी, रचनात्मक और नेतृत्व कौशल को निखारना है। ‘दक्ष 2026’ के अंतर्गत टेक्नो इंजीनियरिंग, टेक्नो बिजनेस, टेक्नो मेडिका, फाइल आर्ट प्रतियोगिता तथा लिटरेरी प्रतियोगिताओं सहित विविध शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का संचालन विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा किया जा रहा है, जिनमें विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिल रही है। तकनीकी मॉडल प्रस्तुति, नवाचार आधारित प्रोजेक्ट प्रदर्शन, केस स्टडी प्रतियोगिता, स्वास्थ्य विज्ञान से जुड़ी अकादमिक गतिविधियां तथा साहित्यिक अभिव्यक्ति जैसे आयोजन परिसर को सृजनात्मक ऊर्जा से भर रहे हैं।
स्टार नाइट से पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने कहा कि मंगलायतन विश्वविद्यालय शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय उच्च-गुणवत्ता शैक्षणिक कार्यक्रमों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, शोध गतिविधियों और उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड के लिए जाना जाता है। विश्वविद्यालय को ‘एजुकेशन लीडरशिप अवार्ड 2023’ तथा अस्सोचैम द्वारा शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में स्थान जैसी उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हो चुकी हैं। दक्ष उत्सव केवल प्रतियोगिताओं का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। दक्ष विश्वविद्यालय की वार्षिक परंपरा है, जो प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों की प्रतिभा को नया मंच प्रदान करती है। इस वर्ष दक्ष 2026 के अंतर्गत कुल 28 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें 1100 से अधिक विद्यार्थी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में 250 स्वयंसेवकों और 200 से अधिक संकाय सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान है। पिछले दस दिनों से विश्वविद्यालय परिसर में इस कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। विभिन्न विभागों, आयोजन समितियों और छात्र स्वयंसेवकों ने समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए इसे एक सुसंगठित और प्रभावशाली रूप दिया है।
चार दिवसीय दक्ष उत्सव से पूर्व विश्वविद्यालय में अर्थवा का आयोजन भी किया गया था। जिसमें खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं इंटर-यूनिवर्सिटी स्तर पर संपन्न हुईं। अर्थवा ने विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और टीम स्पिरिट को प्रोत्साहित किया। वहीं दक्ष अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार को समर्पित है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की सभी प्रतियोगिताएं एक निर्धारित थीम पर आधारित हैं, जो विकास, राष्ट्रीय एकता और अखंडता जैसे मूल्यों को केंद्र में रखकर तैयार की गई हैं। विद्यार्थियों ने इन विषयों पर अपने प्रोजेक्ट, प्रस्तुतियों, मॉडल, वाद-विवाद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। इस उत्सव के माध्यम से छात्रों में टीम वर्क, समय प्रबंधन, समस्या-समाधान क्षमता, संवाद कौशल तथा नेतृत्व गुणों का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। पूरे परिसर में शैक्षणिक जोश और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना हुआ है। उत्सव के अंतर्गत 25 फरवरी 2026 को विशेष आकर्षण के रूप में स्टार नाइट का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रसिद्ध हरियाणवी गायक अजय हुड्डा अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों और अतिथियों का मनोरंजन करेंगे। सांस्कृतिक संध्या में संगीत और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जिससे विद्यार्थियों को अकादमिक व्यस्तताओं के बीच मनोरंजन का अवसर भी प्राप्त होगा।
कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह ने कहा कि ‘दक्ष 2026’ विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक आयोजन है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सृजनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता और टीम वर्क कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। वर्तमान दौर में सफलता उन्हीं को मिलती है जो ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल और सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं। विश्वविद्यालय ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें।
संयुक्त कुलसचिव प्रो. दिनेश शर्मा ने कहा कि ‘दक्ष’ उत्सव शैक्षणिक उत्साह, रचनात्मकता और प्रतिभा के समन्वय का प्रतीक है। यह मंच छात्रों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों और कक्षाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे व्यवहारिक अनुभव, नवाचार और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण से भी जोड़ना आवश्यक है। चार दिवसीय इस उत्सव का समापन 27 फरवरी 2026 को होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिवार को विश्वास है कि ‘दक्ष 2026’ विद्यार्थियों के शैक्षणिक, तकनीकी और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।















