Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 फरवरी । हाथरस जनपद के थाना सादाबाद क्षेत्र में हुए सनसनीखेज फौजी हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने एक साहसिक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आज एसओजी और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सैनपुर बंबा के पास घेराबंदी की, जहाँ खुद को घिरा देख 25,000 रुपये के इनामी अपराधी मुकेश कुमार उर्फ गब्बर ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से मुकेश घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किए हैं।

घटना की पृष्ठभूमि पर गौर करें तो बीते 5 फरवरी 2026 को भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार हाथरस न्यायालय से तारीख कर वापस लौट रहे थे, तब ही चन्द्रा फार्म हाउस के पास ईको कार और बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस जघन्य हत्याकांड ने जिले में सनसनी फैला दी थी, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 05 विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस मामले में अब तक कुल 10 अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुँचाया जा चुका है, जिनमें से सात को हाथरस पुलिस और दो को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

मुकेश कुमार उर्फ गब्बर, जो समदपुर का निवासी है, इस हत्याकांड का मुख्य वांछित था और उस पर पुलिस ने 10 फरवरी को इनाम घोषित किया था। शातिर अपराधी मुकेश का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम के नेतृत्व में की गई इस सफल कार्रवाई ने जनपद में पुलिस की मुस्तैदी और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध वैधानिक कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page