Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 फरवरी । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय की अध्यक्षता में आज श्री दौलतराम बारहसैनी इण्टर कॉलेज में एक भव्य ‘मेगा विधिक साक्षरता शिविर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बीएलएस, कस्तूरबा गांधी और राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनहित के विभिन्न विषयों पर जागरूकता फैलाई गई। शिविर का मुख्य उद्देश्य गरीब, वंचित और असहाय वर्ग को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना रहा।

योजनाओं के वितरण की कड़ी में जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय ने बबिता, कालीचरन और प्रहलाद सहित अन्य पात्रों को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत उनके नए घर की चाबियाँ सौंपी। साथ ही ग्रीस कुमार, राहुल और भवानी सिंह को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रधान न्यायाधीश (परिवार न्यायालय) बाबूराम ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और अपर जनपद न्यायाधीश महेन्द्र श्रीवास्तव ने स्वयं सहायता समूहों को डेमो चेक प्रदान किए। इसी प्रकार, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने दैवीय आपदा पीड़ितों को सहायता राशि, विशेष न्यायाधीश संगीता शर्मा ने कृषि यंत्र और विशेष न्यायाधीश चित्रा शर्मा ने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। स्वास्थ्य, कौशल विकास और निर्माण श्रमिकों के लिए भी संबंधित अधिकारियों द्वारा भारी मात्रा में प्रमाण पत्र और किट वितरित की गईं।

समारोह को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश विनय कुमार ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाँव-गाँव और गली-मोहल्लों तक विधिक जागरूकता पहुँचाने के लिए संकल्पित है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में न्याय और सरकारी लाभ से वंचित न रहे। शिविर में लगाए गए 38 विभागीय स्टॉलों ने दिव्यांगों, महिलाओं और श्रमिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। सीडीओ पी.एन. दीक्षित और सचिव अनु चौधरी ने बताया कि इस मेगा कैंप में महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी और मेडिकल टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन चतुर सिंह व मोनिका दीक्षित ने किया। इस दौरान भारी संख्या में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, पुलिस प्रशासन और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page