
हाथरस 21 फरवरी । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। शनिवार को आयोजित विभिन्न विषयों की परीक्षा में कुल 407 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। सभी 99 केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ परीक्षार्थियों को सघन तलाशी के बाद ही केंद्रों के भीतर प्रवेश दिया गया। प्रथम पाली में हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए गृह विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा के लिए कुल 5,969 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,589 परीक्षार्थी शामिल हुए और 380 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी पाली में इंटरमीडिएट के विभिन्न ट्रेड विषयों की परीक्षा में 373 छात्र पंजीकृत थे, जिसमें से 5 अनुपस्थित रहे और 368 ने परीक्षा दी। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के इतिहास विषय की परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें 820 पंजीकृत छात्रों में से 798 उपस्थित रहे, जबकि 22 छात्रों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में स्थापित आधुनिक कंट्रोल रूम से सभी 99 परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर पल-पल नजर रखी गई। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वेबकास्टिंग कर यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं भी नकल या अव्यवस्था की स्थिति न बने। सचल दल (फ्लाइंग स्क्वायड) ने भी विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, जनपद में परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न हो रही हैं।













