
हाथरस 20 फरवरी । ब्राह्मण महासभा हाथरस के तत्वावधान में आगामी होली के पावन अवसर पर एक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन 22 फरवरी, दिन रविवार को दोपहर 12 बजे से सादाबाद गेट स्थित अंगूमल धर्मशाला में किया जाएगा। इस वर्ष की विशेषता यह रहेगी कि पुरुष वर्ग के साथ-साथ महिला मंडल का भी पृथक होली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें व्यवस्था की दृष्टि से पुरुषों का कार्यक्रम अग्रिम हाल में तथा महिलाओं का आयोजन अंदर के हाल में सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्साह व आनंद के साथ संपन्न होगा। इस आयोजन की जानकारी देते हुए महासभा के अध्यक्ष पं. योगेंद्र शर्मा ‘योगा पंडित’ ने बताया कि होली भारतीय संस्कृति का उल्लास, प्रेम और सौहार्द का पर्व है, जो समाज में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देता है, इसी उद्देश्य से समारोह में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, प्रबुद्धजनों, युवा साथियों के साथ बहनों एवं मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। वहीं महामंत्री जय शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए होली रसिया गायन, पुष्प वर्षा, भजन कार्यक्रम एवं स्नेह भोज का समागम रखा गया है तथा महिलाओं की गरिमा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशेष बैठक एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि वे पूरे सम्मान और उत्साह के साथ सहभागिता कर सकें। ब्राह्मण महासभा ने समस्त समाज बंधुओं से बहनों व मातृशक्ति के साथ अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।













