
अलीगढ़ 18 फरवरी । मंगलायतन विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर इंजीनियरिंग एंड एप्लीकेशन द्वारा “पावरिंग द फ्यूचर विद इंटेलिजेंट डेटा” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एमओयू गतिविधि के अंतर्गत सी शार्प कॉर्नर के सहयोग से हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को इंटेलिजेंट डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा आधुनिक तकनीकी रुझानों से परिचित कराना था। वक्ता आशुतोष झा बताया कि वर्तमान दौर में डेटा आधारित तकनीकें उद्योग और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं तथा युवाओं के लिए इन क्षेत्रों में व्यापक करियर संभावनाएं मौजूद हैं। वक्ता अतुल गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए डेटा प्रबंधन, नई तकनीकों के प्रभाव और व्यावहारिक कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। एआई विशेषज्ञ गौतम सिंह ने विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक सत्र के दौरान एआई की प्रयोग की बारीकियों से परिचित कराया। अतुल गुप्ता ने बताया कि मंगलायतन विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर पर आयोजित होने वाले सी शार्प कॉर्नर एआई एजेंट सेमिनार 2026 में भाग लेने जा रहा है। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, शोध और व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर केंद्रित होगा। जिसमें दुनिया भर के माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया, एडोब, ओपन एआई, सेल्सफोर्स और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
विभागाध्यक्ष डा. लव मित्तल ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख ज्ञान प्रदान करती हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक बताया और कहा कि इससे उन्हें नई तकनीकों को समझने तथा अपने करियर को दिशा देने में सहायता मिलेगी। समन्वयक ललित किशोर रहे। कार्यक्रम में प्रो. महेश शर्मा, डा. मनोज, उमेश शर्मा, अर्शील नूर, ललित किशोर, पंकज निगम, शानू गुप्ता, दयाशंकर, सत्यनारायण, सनी चौधरी, आकिफ, दिव्या, शिवानी, मुकुल आदि थे। संचालन चारु गुप्ता व अंशिका जैन ने किया।

















