Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 14 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व पर सादाबाद में प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए एक मांस की दुकान खुली पाई गई। घटना के बाद गौ सेवकों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद नगर पंचायत ने दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रशासन ने महाशिवरात्रि के अवसर पर मांस की दुकानें बंद रखने के निर्देश जारी किए थे। आरोप है कि खुली दुकान पर मुर्गों और मछलियों की सफाई के दौरान उनके अवशेष कांवड़ियों पर गिर रहे थे, जिससे श्रद्धालुओं में भारी रोष फैल गया। जानकारी मिलने पर गौ सेवकों का एक समूह इंटर कॉलेज के सामने स्थित मांस की दुकान पर पहुंचा और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गौ सेवकों ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पवित्र पर्व पर निर्देशों के बावजूद मांस की बिक्री आस्था का अपमान है। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत ने जेसीबी मंगवाकर संबंधित मांस की दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया। गौ सेवक सचिन दीक्षित ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की बात करते हैं, वहीं सादाबाद में कांवड़ियों पर मुर्गी के पंखों की वर्षा हो रही थी। उन्होंने प्रशासन से ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नगर इंचार्ज अंकित चौधरी ने बताया कि मौके पर शांति स्थापित कर दी गई है और मांस विक्रेताओं को त्योहार पर दुकान न खोलने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया कि पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page