Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 14 फरवरी । विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को मातृ-पितृ पूजन दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने माता-पिता का सम्मान किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्या भारती के लाला किशन नारायण अग्रवाल सरस्वती शिशु मंदिर में मातृ-पितृ दिवस एवं अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य देवेंद्र सिसोदिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने माता-पिता के चरण धोकर, तिलक-चंदन लगाकर, स्वागत और आरती कर उनका सम्मान किया। मुख्य वक्ता राघवेंद्र ने विद्या भारती के विद्यालयों में शिक्षा के साथ संस्कारों पर जोर दिया, जबकि अध्यक्ष भानूदत्त राजौरिया ने सनातन संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया। सलेमपुर मार्ग स्थित श्री मोहनलाल आदर्श इंटर कॉलेज में भी मातृ-पितृ पूजन दिवस अत्यंत श्रद्धा और भारतीय संस्कारों के साथ मनाया गया। विद्यालय परिवार ने अपने माता-पिता के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की। प्रबंधक डॉ. रमेश चंद्र उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि माता-पिता हमारे जीवन के प्रथम गुरु होते हैं, जिनके त्याग और आशीर्वाद से जीवन को दिशा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता की सेवा को सर्वोच्च धर्म मानने के लिए प्रेरित किया। उप-प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा ने आधुनिक युग में पारिवारिक मूल्यों के कमजोर पड़ने पर चिंता व्यक्त करते हुए इस दिवस को संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का तिलक कर, चरण स्पर्श कर और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भावुक वातावरण में कई अभिभावकों की आँखें गर्व और आनंद से नम हो उठीं। यह आयोजन संस्कारों के संरक्षण और पुनर्स्थापना का संकल्प भी था। मुरसान मार्ग स्थित संत श्री आसाराम बापू गुरुकुल विद्यालय में भी मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया। यहां बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और अपने माता-पिता की पूजा-अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page