Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 फरवरी । जिले में वर्ष-2026 की बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस लाइन, हाथरस स्थित ऑडिटोरियम में सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप सभी केंद्रों पर सुव्यवस्थित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं। यदि किसी कारण से कोई परीक्षार्थी सुचारु रूप से परीक्षा नहीं दे पाता है तो उसकी पूर्ण जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारियों की होगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जिन परीक्षा केंद्रों पर मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं पाई जाएंगी, उन्हें तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा और भविष्य में उस विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण व संकलन तथा प्रवेश व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि जनपद में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली प्रातः 08:30 से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 से 05:15 बजे तक संचालित होगी। जनपद में कुल 99 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिन पर 44,370 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें हाईस्कूल के 22,162 तथा इंटरमीडिएट के 22,208 परीक्षार्थी शामिल हैं। प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page