
हाथरस 08 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर आज जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सिडको के चेयरमैन वाईपी सिंह उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वाईपी सिंह ने कहा कि “रिफॉर्म एक्सप्रेस” के माध्यम से विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में केंद्रीय बजट एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस 2025 के बाद से अब तक देश में 350 से अधिक सुधार लागू किए जा चुके हैं, जिससे आर्थिक प्रगति को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं का समग्र कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समृद्ध किसान के बिना सशक्त भारत की कल्पना संभव नहीं है। इसी सोच के तहत केंद्रीय बजट में कृषि उत्पादन के विविधीकरण, उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। बजट में उच्च मूल्य वाली फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए तटीय क्षेत्रों में नारियल, चंदन, कोको व काजू, उत्तर-पूर्वी राज्यों में वृक्ष आधारित कृषि तथा पर्वतीय क्षेत्रों में बादाम, अखरोट और पाइन नट के उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना शामिल है। प्रेस वार्ता में सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि, गौरव आर्य, शरद माहेश्वरी, रूपेश उपाध्याय, हरिशंकर राणा, सुनील गौतम, अनिल सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















