Hamara Hathras

Latest News

सासनी 07 फरवरी । तहसील समाधान दिवस के पश्चात् जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ तहसील सासनी परिसर में स्थित रजिस्ट्रार कानूनगो कक्ष का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कानूनगो से संबंधित बस्ते खुलवाकर सूची के अनुसार खसरा-खतौनी से जुड़े प्रकरणों का गहनता से मिलान कराया तथा अभिलेखों का स्वयं अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के संधारण, वर्गीकरण एवं अद्यतन प्रविष्टियों की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राजस्व अभिलेख सुव्यवस्थित, अद्यतन एवं सुरक्षित रखे जाएं, ताकि आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं समय पर और सहजता से उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित अभिलेख अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण होते हैं, जिनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता कतई स्वीकार्य नहीं होगी। डीएम अतुल वत्स ने निर्देशित किया कि खसरा-खतौनी, नामांतरण एवं अन्य राजस्व प्रकरणों का निस्तारण शासन के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने अभिलेखों के डिजिटलीकरण एवं नियमित अद्यतन कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सासनी, कानूनगो सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page