हाथरस 07 फरवरी । आज उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन एवं जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेशानुसार ‘‘मेगा/बृहद विधिक साक्षरता शिविर’’ के संबंध में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस अनु चौधरी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के तत्वावधान में सादाबाद में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पराविधिक स्वयंसेवक यज्ञदत्त शर्मा एवं करण चौधरी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 22 फरवरी 2026, दिन रविवार को दौलतराम बारहसैनी इंटर कॉलेज, आगरा रोड, हाथरस में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस मेगा शिविर से पूर्व जनसामान्य को जागरूक करने एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से लघु/सूक्ष्म विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया कि मेगा शिविर में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा, जिनमें वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, बाल सेवा योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना सहित किसानों एवं दिव्यांगजनों से जुड़ी विभिन्न योजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों की योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं लाभ भी उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे इस मेगा/बृहद विधिक साक्षरता शिविर की जानकारी अपने परिजनों एवं परिचितों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में सहभागिता कर इस अवसर का लाभ उठा सकें।


























