
हाथरस 04 फरवरी । थाना हाथरस जंक्शन के अखईपुर गांव में युवक की हत्या के बाद उसका शव बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद अलीगढ़ से उसके गांव लाया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपितों को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश जारी है। अखईपुर निवासी संजय पुत्र धर्मेंद्र पर दो फरवरी की शाम गांव के ही सोमदत्त उर्फ राजू, शिवम उर्फ शिब्बू, हरिओम, महेश, विष्णु, गोपाल और गोविंद ने हमला कर दिया था। हमलावरों ने लाठी, सरिया और तमंचे से जानलेवा वार किए। हमले में संजय के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसे गंभीर हालत में तत्काल अलीगढ़ के मेडिकल कालेज रेफर किया गया था। मंगलवार देर शाम संजय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हमलावरों ने आपसी कहासुनी के बाद संजय पर हमला किया था। इस मामले में सात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस के अनुसार संजय पर भी पूर्व में कई मुकदमे दर्ज थे। शव गांव पहुंचने पर तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की कड़ी निगरानी में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।













